ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार के थाना कनखल में बीजेपी नेताओं ने दारोगा पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। मिली जानकारी के अनुसार कनखल थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दुर्घटना के बाद भाजपा नेता हीरा सिंह बिष्टऔर पुलिस से हुई तू- तू, मैं-मैं ने बुधवार को हंगामे का रूप ले लिया। बुधवार को भाजपा के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने हरिद्वार मंडल अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष विकास तिवारी, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सुनील अग्रवाल, पार्षद नितिन माना, खड़खड़ी के मंडल अध्यक्ष तरुण नैय्यर, मध्य हरिद्वार के मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, पुष्पेंद्र जोशी, डॉ. विशाल गर्ग सहित बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कनखल थाने का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। भाजपाइयों का कहना था कि उनके कार्यकर्ता के साथ बदसलूकी करने वाले दारोगा धनीराम शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की जाए। हंगामे की सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी ने हंगामा कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं से वार्ता करने के बाद मामले को बमुश्किल शांत कराया।
धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमारी मांग सिर्फ इतनी है कि जो शरारती तत्व है उन्हें गिरफ्तार किया जाए और ऐसे अधिकारी जो भाजपा सरकार को थानों में रहकर बदनाम करने का प्रयास करते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। धनीराम शर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाए। पुलिस ने ऐसा दूसरी बार किया है जब हमें यहां पर मजबूरन धरने पर बैठना पड़ रहा है।
वहीं सीओ सिटी मनोज कुमार ठाकुर ने कहा कि कुछ कारणों से भाजपा से जुड़े लोग थाने आकर आक्रोशित हो रहे थे, जिसके बाद इन से वार्ता कर इन्हें समझाया गया है कि हर समस्या का निस्तारण किया जाएगा। जिसके बाद उन्होंने बात मानते हुए धरना समाप्त कर दिया है। पुलिसिया कार्यवाही में कई बार ऐसा हो जाता है कि जब दो पक्ष आपस में झगड़ रहे होते हैं तो पुलिस को थोड़ा सख्त रुख अपनाना पड़ता है। अधीनस्थ अधिकारियों को समझाया गया है कि जन प्रतिधिनयों से सम्मान से बात की जाए।

More Stories
अवैध असलहा फ़ैक्ट्री का भंडाफोड़: 6 अवैध तमंचे, अधबनी पिस्टल व राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद।
जनहित के मुद्दों पर सदन में सरकार को घेरने में कामयाब रहे कांग्रेस विधायक: रवि बहादुर
सूबे में गर्भवती महिलाओें की होगी अल्ट्रासोनोग्राफी जांच: डाॅ. धन सिंह रावत