मनोज सैनी
कांग्रेस के फूल सिंह बरैया ने मध्य प्रदेश में भाजपा की 50 से अधिक सीट जीतने पर 7 दिसंबर को भोपाल राजभवन के सामने दोपहर 2 बजे मुंह काला करने का वचन लिया था, जिसे आज उन्होंने पूरा किया। उन्होंने चेहरे पर काला रंग लगाया। तय तारीख पर भांडेर विधानसभा सीट से चुनाव जीते फूलसिंह बरैया पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पार्टी के अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ राजभवन के बाहर पहुंचे। यहां दिग्विजय सिंह ने विधायक के चेहरे पर काला टीका लगाया।

इस अवसर पर फूलसिंह बरैया ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कालिख पोती है। जो वादा किया था उसे पूरा किया है। दिग्विजय सिंह जी ने मना किया था लेकिन मुझे अपना वादा पूरा करना था। लोकतंत्र के लिए मेरी और कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी।
इससे पूर्व ग्वालियर में बरैया के समर्थक किसान कांग्रेस के नेता योगेश दंडोतिया ने अपना मुंह काला कर बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस मौके पर कांग्रेस के एक अन्य नेता राजेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे नेता फूलसिंह बरैया को मुंह काला करने की जरूरत नहीं। बीजेपी दलितों का मुंह काला करना चाहती है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि भाजपा ने 15 लाख रुपए हर व्यक्ति को देने का वादा किया था। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया। भाजपा ने अपने वादे पूरे नहीं किए, इसलिए बरैया को भी मुंह काला करने की जरूरत नहीं।

More Stories
बिजली संशोधन बिल के विरोध में ऊर्जा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया केंद्र सरकर के खिलाफ प्रदर्शन।
प्रदेश के शत-प्रतिशत प्राथमिक विद्यालयों में बनेंगे बालिका शौचालय: डाॅ. धन सिंह रावत
13 मार्च को हरिद्वार में लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला, लगभग 150 पदों पर होगा चयन।