Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

भाजपा सरकार महंगाई पर रोक लगाने में नाकाम: मेयर अनिता शर्मा, शांति विहार में देर रात तक चली कांग्रेस की बैठक, कईयों ने ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता

राजेन्द्र गुप्ता

हरिद्वार। हरिद्वार नगर निगम के वार्ड 21 शारदा नगर व 22 आर्यनगर के शांति विहार कॉलोनी में आयोजित कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान कई लोगों ने भाजपा छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस में शामिल हुए लोगों का स्वागत करते हुए को मेयर अनिता शर्मा ने कहा कि बीजेपी सरकार महंगाई पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रही है। महीने में दो-दो बार रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। कांग्रेस राज में चार सौ रूपए में मिलने वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम एक हजार के आसपास पहुंच गए हैं। जिसका सीधा असर महिलाओं पर पड़ रहा है। प्रत्येक माह गैस के दाम बढ़ने से रसोई का पूरा बजट बिगड़ जाता है। आम जरूरत की प्रत्येक वस्तु के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की डबल इंजन सरकार जनता को किसी प्रकार की राहत नहीं दे रही है।

पूर्व राज्यमंत्री डा. संजय पालीवाल ने कहा कि बीजेपी सरकार की जन विरोधी नीतियों से जनता का विश्वास कांग्रेस के प्रति बढ़ रहा है। मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने कहा कि शहर विधायक 20 वर्षों के कार्यकाल में शहर को स्कूल, कॉलेज, अस्पताल कुछ नही दे सके। महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी सरकार के विकास कार्यों की रोजाना पोल खुल रही है। सड़कें धंस रही हैं, पुल गिर रहे हैं। उपस्थित जनता का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को जीत दिलाकर एक अच्छी सरकार बनवाने में मदद करें। बैठक की अध्यक्षता सतीश कुमार और संचालन मनोज सैनी ने किया। शांति विहार बैठक की महत्वपूर्ण बात ये रही कि बैठक रात के अंधेरे में भी चलती रही और बैठक में उपस्थित सभी लोग धैर्य पूर्वक महापौर व डॉ संजय पालीवाल के विचार सुनते रहे। बताते चलें कि कांग्रेस की बैठक की सूचना स्थानीय पार्षद को लग गयी और स्थानीय निवासियों ने बताया कि पार्षद दोपहर बाद आकर सार्वजनिक पार्क में ताला लगाकर चली गयी मगर भला हो स्थानीय महिला का जिसने अपनी डुप्लीकेट चाबी से पार्क का ताला खोल दिया। इतना ही नहीं स्थानीय पार्षदों में इतनी बौखलाहट हो गयी कि रोजाना जलने वाली स्ट्रीट लाइट भी बंद करवा दी गयी। इन सबके बावजूद भी स्थानीय लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बैठक के बाद महापौर श्रीमती अनिता शर्मा ने जनसम्पर्क करते हुए कॉलोनीवासियों से मुलाकात की तथा कॉलोनी की समस्याओं को सुना। महापौर अस्वस्थ चल चल रही सरस्वती व दुष्यंत त्यागी के घर भी गयी और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बैठक में मेयर प्रतिनिधि पार्वती नेगी, अनुसूचित विभाग जिलाध्यक्ष सुनील कुमार, संदीप कुमार, देवेश गौतम, बृजमोहन बड़थ्वाल, त्रिपाल शर्मा, बबली, गुड़िया, कविता, अनिता डारिया, अन्नू गोयल, उर्मिला, सुनील त्यागी, सुनील, कमलेश, सरस्वती, मनीष मित्तल, अमन गोयल, अमित, मुदित, वीरेंद्र पाल, मुकेश कालरा, दुष्यंत त्यागी, रॉकी जैन, नागर जी, वीरेंद्र भारद्वाज, प्रमोद काम्बोज, मोहित आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Share
error: Content is protected !!