Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा वाहन संचालन के विरुद्ध अभियान, 20 स्कूटी/मोटरसाइकिल सीज।

मनोज सैनी

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत तथा नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा दोपहिया वाहन चलाए जाने पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा जगजीतपुर क्षेत्र के स्कूलों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा द्वारा किया गया।

अभियान के दौरान विद्यालय प्रशासन से भी वार्ता की गई। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों द्वारा अवगत कराया गया कि विद्यार्थियों के अभिभावकों को पूर्व में ही नोटिस जारी कर नाबालिग विद्यार्थियों को स्कूटी/मोटरसाइकिल से विद्यालय न भेजने हेतु सूचित किया गया था। इसके बावजूद कुछ विद्यार्थी दोपहिया वाहनों से विद्यालय आकर उन्हें विद्यालयों के आसपास की गलियों में पार्क कर रहे थे।

परिवहन विभाग की टीम द्वारा विद्यालय प्रशासन को विश्वास में लेते हुए ऐसे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा अभियान के दौरान कुल 20 स्कूटी/मोटरसाइकिल सीज की गईं। संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी कार्रवाई की जानकारी देते हुए बच्चों के विद्यालय आवागमन हेतु वैकल्पिक एवं सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

 

अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी तथा यातायात कर अधिकारी भारत भूषण भी उपस्थित रहे।
परिवहन विभाग द्वारा अभिभावकों से अपील की गई है कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस/निर्धारित आयु पूर्ण किए बच्चों को मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। नाबालिग द्वारा वाहन संचालन न केवल उसकी स्वयं की सुरक्षा बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम उत्पन्न करता है।
सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन तथा नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु इस प्रकार के प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Share
error: Content is protected !!