ब्यूरो
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड विवाद के बीच हरिद्वार से ज्वालापुर के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत पर रानीपुर पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां कीं। साथ ही व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी दीपिका राठौर ने शनिवार 24 अक्तूबर की रात रानीपुर कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर सोशल मीडिया पर उनके और उनके परिवार के खिलाफ अश्लील एवं मानहानिकारक टिप्पणियां कर रही थी। इससे परिवार की छवि धूमिल हो रही थी। आरोप लगाया कि उसने व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने रविवार को सहारनपुर में दबिश दी, जहां से उर्मिला सनावर निवासी रेलवे लाइन मोहल्ला गोविंदनगर, थाना सदर बाजार सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। एसपी सिटी दीपक सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में उर्मिला सनावर ने कथित वीआईपी का जिक्र करने के साथ ही कई दावे करते हुए मामले में वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल की थी। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी। प्रकरण की जांच कर रही सीबीआई ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से हरिद्वार और उर्मिला सनावर अलग-अलग जगह पूछताछ की थी। अब इस बीच उर्मिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो देश-प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का विषय बन चुका है।

More Stories
देश की आजादी और जागरूकता में पत्रकारिता की अहम भूमिका: बत्रा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्वालापुर के बाहर सड़क पर खड़ी दो गाड़ियों के ऊपर दीवार गिरने से दो गाड़ियां हुई क्षतिग्रस्त।
पत्रकारिता के भविष्य पर महामंथन। उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की संगोष्ठी में एआई की भूमिका पर चर्चा और वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान।