Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

8 नवंबर की मध्यरात्रि से फिर आयेगा ऊपरी गंगनहर में पानी।

मनोज सैनी

हरिद्वार। अधिशासी अभियंता उत्तरी खण्ड गंगा नहर रुड़की ने अवगत कराया है कि ऊपरी गंगनहर का संचालन 8 नवंबर की मध्यरात्रि से शीर्ष स्तर से पुनः प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश शासन से अनुमति प्राप्त हो गई है। नहर का संचालन 20, 21 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि से बंद किया गया था। इस अवधि में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत विभिन्न विभागों की ओर से नहर एवं उससे जुड़ी प्रणालियों में निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।

ऊपरी गंगनहर के अधिशासी अभियंता ने बताया कि नहर बंदी के दौरान उत्तराखंड शासन के विभिन्न विभागों की ओर से पुरानी आपूर्ति धारा, नई आपूर्ति धारा, लिंक चैनल, ऊपरी गंगनहर, मायापुर स्केप तथा सिल्ट इजेक्टर चैनल में निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों को देखते हुए उत्तर प्रदेश शासन के शासनादेश के तहत नहर का संचालन 20/21 अक्टूबर की मध्यरात्रि से बंद किया गया था।

उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि नहर के बहाव मार्ग में निर्माण कार्यों के लिए बनाए गए बंध, डायवर्जन, मिट्टी, निर्माण सामग्री, मशीनरी, टीएंडपी और श्रमिकों से संबंधित व्यवस्थाओं को समय रहते नहर की बेड से हटा लिया जाए।

साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी विभाग की निर्माण सामग्री, मशीनरी अथवा निर्माण कार्य का कोई हिस्सा नहर के बहाव मार्ग में बाधा उत्पन्न न करे। इससे नहर संचालन शुरू होने पर किसी प्रकार की जान-माल की हानि या अप्रिय घटना से बचा जा सकेगा।

Share
error: Content is protected !!