Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

बीएचईएल देश के विकास की एक आधारशिला है: एच. डी. कुमारस्वामी

केंद्रीय मंत्री ने सोलर पावर प्लांट राष्ट्र को समर्पित किया, एसआरजीएम नेवल गन तथा स्टेटर को दिखाई हरी झंडी, इलेक्ट्रिक आर्क फरनेस का भी किया उद्घाटन

मनोज सैनी

हरिद्वार। बीएचईएल हरिद्वार उपनगरी में नवनिर्मित, 05 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र का, माननीय केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री श्री एच. डी. कुमारस्वामी ने लोकार्पण किया। बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री के. सदाशिव मूर्ति तथा हरिद्वार इकाई के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार की उपस्थिति में, माननीय मंत्री महोदय ने यह सौर ऊर्जा संयंत्र राष्ट्र को समर्पित किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री कुमारस्वामी ने कहा कि भारत सरकार स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बीएचईएल द्वारा हरित ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। श्री के. सदाशिव मूर्ति ने कहा कि यह सोलर पावर प्लांट, हरित ऊर्जा के क्षेत्र में बीएचईएल का एक महत्वपूर्ण कदम है । श्री रंजन कुमार ने बताया कि इस संयंत्र से प्राप्त बिजली, संस्थान की आंतरिक ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होगी।

श्री कुमारस्वामी ने बीएचईएल हरिद्वार निर्मित, 53वीं एसआरजीएम नेवल गन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह नेवल गन रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम है। उल्लेखनीय है कि यह नेवल गन 35 किलोमीटर के दायरे में, हवा और पानी में विभिन्न प्रकार के लक्ष्यों को भेद सकती है।

केंद्रीय मंत्री ने बीएचईएल हरिद्वार की सीएफएफपी इकाई में 30 टन इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस का भी उद्घाटन किया। माननीय मंत्री महोदय ने कहा कि बीएचईएल द्वारा स्थापित यह फर्नेस, देश के भारी उद्योग क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करने में उपयोगी साबित होगी। इस अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस से उच्च गुणवत्ता वाले स्टील के उत्पादन में मदद मिलेगी, जिससे बड़े आकार के कास्टिंग एवं फोर्जिंग की गुणवत्ता और दक्षता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

केंद्रीय मंत्री ने अडानी पावर लिमिटेड के रायपुर प्रोजेक्ट की यूनिट-1 के लिए निर्मित, 800 मेगावॉट क्षमता के टीजी स्टेटर को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री कुमारस्वामी ने स्टेटर के सफल निर्माण एवं डिस्पैच को, बीएचईएल की तकनीकी उत्कृष्टता का एक नायाब नमूना बताया। उल्लेखनीय है कि यह स्टेटर अत्याधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है।

श्री कुमारस्वामी ने बीएचईएल कर्मचारियों के साथ भी, विभिन्न विषयों पर संवाद किया। इन अवसरों पर महाप्रबंधगण, वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा बहुत बड़ी संख्या में कर्मचारी आदि उपस्थित थे।

Share
error: Content is protected !!