मनोज सैनी
हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार द्वारा जनहित में त्वरित कार्रवाई करते हुए रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में स्थित सुलभ इंटरनेशनल द्वारा संचालित गड्ढा पार्किंग के निकट सार्वजनिक शौचालय में यूरिनल उपयोग हेतु शुल्क वसूले जाने की सूचना पर तत्काल संज्ञान लिया गया।
प्राप्त सूचना के क्रम में नगर निगम की टीम द्वारा मौके की जांच कराई गई, जिसमें यूरिनल उपयोग पर शुल्क लिए जाने की पुष्टि हुई। इस पर नगर निगम ने संबंधित संस्था सुलभ इंटरनेशनल पर ₹2000 का जुर्माना आरोपित करते हुए नोटिस जारी किया है।
नोटिस में संस्था को 02 दिवस के भीतर अपना स्पष्टिकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होता है, तो नगर निगम द्वारा अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम हरिद्वार द्वारा शहर में संचालित सभी अनुबंधित सार्वजनिक शौचालयों को भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि यूरिनल उपयोग के लिए किसी भी व्यक्ति से किसी प्रकार का शुल्क न लिया जाए। निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल निगम को दें, ताकि सार्वजनिक सुविधाओं में पारदर्शिता एवं जनहित सुनिश्चित किया जा सके।

More Stories
अनशन पर बैठे जोमेटो फूड डिलीवरी कंपनी के कार्मिकों को सिटी मजिस्ट्रेट ने जूस पिलाकर किया अनशन समाप्त।
नगर निगम का बड़ा निर्णय: होटल, ढाबों में मांस बिक्री बंद होगी
विशेष चेकिंग अभियान में 312 चालान, 51 वाहन सीज।