क्राइम ब्यूरो
दिल्ली के साकेत कोर्ट में वकील की पोशाक में आए हमलावर ने एक महिला को गोली मार दी। रिपोर्ट के अनुसार, शख्स ने महिला को चार गोलियाँ मारीं। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को दिल्ली पुलिस के एक एसएचओ ने एम्स पहुँचाया। पुलिस हमलावर की तलाश में जुट गई है।
दक्षिण दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि महिला की पहचान 40 वर्षीय एम राधा के रूप में हुई है। जिस व्यक्ति ने उसे गोली मारी है, वह बार काउंसिल से निलंबित वकील है। हमलावर ने महिला और एक वकील राजेंद्र झा के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 का मामला दर्ज कराया था, जिसकी सुनवाई आज शुक्रवार को अदालत में थी।
रिपोर्टों के मुताबिक हमलावर ने महिला को नजदीक से गोली मारी और फरार हो गया। कई रिपोर्टों में यह भी कहा जा रहा है कि पीड़ित महिला हमलावर की पत्नी है। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस हमले में एक वकील को भी गोली लगी है। यह स्पष्ट नहीं है कि गोली राजेंद्र झा को ही लगी है या किसी दूसरे वकील को।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिला के पेट में गोली लगी हुई मालूम पड़ रहा है। महिला दर्द से रो रही है। लोग उसे सांत्वना देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में महिला कोर्ट परिसर से पैदल ही बाहर ले जाती हुई देखी जा रही हैं। जिस वक्त महिला को गोली मारी गई, उस वक्त वह एक वकील के साथ थी। कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच हमलावर हथियार लेकर अंदर घुस आया था। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आखिर वह हथियार लेकर परिसर में कैसे दाखिल हुआ। वैसे दिल्ली में इसके पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है।

More Stories
अवैध असलहा फ़ैक्ट्री का भंडाफोड़: 6 अवैध तमंचे, अधबनी पिस्टल व राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद।
धोखाधड़ी से गलत जन्म प्रमाण पत्र जारी कराने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने के दिये गये निर्देश।
एसएसपी ने चौकी प्रभारी सहित 6 पुलिसकर्मी किए निलंबित।