मनोज सैनी
हरिद्वार। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय शंकर पाण्डेय ने मंगलवार को एचआरडीए के सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों से विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 की मतगणना के सम्बन्ध में वार्ता करते हुए बताया कि जनपद हरिद्वार की समस्त विधानसभाओं की मतगणना आगामी 10 मार्च को प्रातः आठ बजे से प्रारम्भ होगी। शुरूआत में पोस्टल बैलेट की मतगणना की जायेगी। यह प्रक्रिया अनवरत चलती रहेगी। साढे़ आठ बजे से ईवीएम की मतगणना प्रारम्भ कर दी जायेगी। उन्होंने 11 विधानसभाओं में कितने राउण्ड की मतगणना होगी के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी।
कोविड प्रोटोकॉल के सम्बन्ध में जानकारी देते हुये उन्होंने कहा कि इण्ट्री गेट पर ही थर्मल स्कैनिंग की जायेगी। काउण्टिंग हाल में मास्क पहनकर रखना होगा। सोशल डिस्टेंसिंग बनाये रखनी होगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रारम्भ होते ही धारा 144 लगा थी, जो 15 मार्च 2022 तक लगी रहेगी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार को कोई भी विजय जुलूस नहीं निकाला जायेगा।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना केन्द्र के पास एक मीडिया सेण्टर बनाया गया है, जिसमें पत्रकारबन्धुओं के बैठने की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि मीडिया प्रतिनिधियों को बनाये गये मीडिया सेण्टर तक ही मोबाइल फोन लाने की अनुमति होगी। अन्य स्थानों पर मोबाइल फोन अनुमन्य नहीं होगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 योगेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि ईवीएम की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था होती है। इसके अलावा दो स्तरीय व्यवस्था और होगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में पौने आठ सौ के करीब पुलिस कर्मी लगे हैं तथा दो कम्पनी पी0ए0सी0 लगी है।
पुलिस अधीक्षक यातायात श्री मनोज कत्याल ने जीरो जोन तथा यातायात व्यवस्था के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 सौरभ गहरवार, अपर जिलाधिकारी(वित्त एवं राजस्व) श्री बीर सिंह बुदियाल आदि उपस्थित थे।

More Stories
गांजा रखने वाले को तीन साल की कैद।
सीतापुर रेलवे फाटक बना जाम का जंजाल, अंडरपास की मांग पर कब जागेंगे जिम्मेदार?
बीएचईएल हरिद्वार में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारम्भ।