Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

9 से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जायेगा “हर घर तिरंगा”

ब्यूरो

चमोली। भारत की स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने के जश्न में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का पूरे जनपद में भव्य आयोजन होगा। यह कार्यक्रम 9 से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाएगा। इस अभियान को खास बनाने के लिए 15 अगस्त को बद्रीनाथ धाम में भी ‘हर घर तिरंगा’ के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक लेते हुए बद्रीनाथ धाम में भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन करने के निर्देश दिए। कहा कि बद्रीनाथ धाम में स्थित सभी घरों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराया जाए। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखें। प्लास्टिक से बने झंडे का उपयोग न करें। कार्यक्रम में सभी तीर्थयात्री, पर्यटक, स्थानीय व मंदिर समिति के लोग, एनसीसी, एनएसएस के छात्रों, स्वयं सहायता समूह, अधिकारी, कर्मचारियों सहित सेना एवं सुरक्षा बलों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए समय रहते सभी तैयारियां पूरी करना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरूण चौधरी, अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम कुमकुम जोशी, सीओ पुलिस धनसिंह तोमर, मुख्य शिक्षा अधिकारी कुलदीप गैरोला, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एसएस राणा, ईओ नंगर पंचायत सुशील पुरोहित आदि उपस्थित थे।
Share
error: Content is protected !!