मनोज सैनी
हरिद्वार। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीएचईएल हरिद्वार के प्रदूषण नियंत्रण अनुसंधान संस्थान (पीसीआरआई) में, एक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यपालक निदेशक (बीएचईएल हरिद्वार) श्री रंजन कुमार तथा कार्यपालक निदेशक (कॉर्पोरेट वित्त) सुश्री एच. मालती के नेतृत्व में, महाप्रबंधकों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। इस वर्ष के विश्व पर्यावरण दिवस का विषय है “प्रकृति से प्रेरित; जलवायु के लिए; हमारे भविष्य के लिए”।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में श्री रंजन कुमार ने कहा कि एक पौधा लगाना केवल एक पेड़ उगाना नहीं है, बल्कि जीवन, आशा और समृद्धि का बीजारोपण करना है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाते हुए, आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। सुश्री एच. मालती ने कहा कि हमें गर्व है कि उत्पादन उत्कृष्टता के साथ-साथ, पर्यावरण संरक्षण भी बीएचईएल की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस अवसर पर महाप्रबंधक (पीसीआरआई) श्री अमित श्रीवास्तव ने सभी महाप्रबंधकों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को, पर्यावरण सुरक्षा प्रतिज्ञा दिलाई।
उल्लेखनीय है कि बीएचईएल में 05 जून से 04 जुलाई तक “पर्यावरण माह” का आयोजन किया जा रहा है। पर्यावरण माह के दौरान पीसीआरआई एवं स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण विभाग (एचएसई) द्वारा बीएचईएल कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों के लिए, विभिन्न कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य प्रकृति आधारित समाधानों के माध्यम से, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसामान्य को जागरूक करना है। इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित थे।

More Stories
जाशिद अंसारी बने कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष। पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देती है कांग्रेस: शर्मा
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी पूर्व विधायक अम्बरीश कुमार श्रद्धांजलि।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा एवं महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान ने किया आरिवा हाउस ऑफ एलीगेंस का शुभारंभ।