मनोज सैनी
हरिद्वार। समूचे राष्ट्र के साथ–साथ बीएचईएल हरिद्वार में भी, 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित समारोह का शुभारम्भ, राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन से हुआ। तत्पश्चात कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के माध्यम से सभी ने देश के प्रति अपनी निष्ठा एवं सम्मान को व्यक्त किया। इसके अतिरिक्त उपनगरी स्थित स्कूलों तथा सीआईएसएफ की प्लाटूनों द्वारा शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री रंजन कुमार ने कहा कि देश के अमर शहीदों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर, हमें आजादी का अमूल्य उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि आज इस पावन अवसर पर हम उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हैं, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। श्री रंजन कुमार ने बीएचईएल हरिद्वार की प्रमुख उपलब्धियों तथा भावी कार्य योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
समारोह में, कक्षा-10 एवं कक्षा -12 की बोर्ड परीक्षाओं में अपने-अपने स्कूल में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं, अनुकरणीय सेवाएं प्रस्तुत करने वाले सीआईएसएफ कर्मियों तथा सर्वश्रेष्ठ प्लाटूनों एवं सर्वश्रेष्ठ प्लाटून कमांडर्स को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बीएचईएल हरिद्वार लेडीज क्लब की संरक्षिका श्रीमती नंदन कुमारी द्वारा, अनेकता में एकता के प्रतीक तिरंगे गुब्बारों को भी प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर महाप्रबन्धकगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन, मीडिया कर्मी, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में उपनगरीवासी उपस्थित थे। मुख्य समारोह के पश्चात श्री रंजन कुमार तथा श्रीमती नंदन कुमारी ने, लेडीज क्लब की सदस्याओं तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ, मुख्य चिकित्सालय में भर्ती रोगियों को फल वितरित किए और उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।

More Stories
अंगदान जीवन का सबसे अनमोल उपहार, जागरूकता से बच सकती हैं कई जिंदगियां।
कांवड़ मेला 2026 के दौरान 7 निर्माता कंपनियों को नोटिस।
कांवड़ यात्रा निर्विघ्न सकुशल हुई सम्पन्न। 4 करोड़ 80 लाख 40 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर हुए रवाना।