ब्यूरो
अमरोहा। यूपी के अमरोहा से बेहद गंभीर मामला सामने आया है.। हसनपुर इलाके में 23 साल की हरियाणा निवासी युवती ने दो सीआरपीएफ जवानों, एक दरोगा और एक हेड कॉन्स्टेबल पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवती को सीआरपीएफ जवान लालाराम अपने साथी मोहित के साथ अमरोहा लेकर आया था। इसके बाद उसे हसनपुर के झुलपुरी गांव के पास बने एक फार्महाउस में ठहराया गया।
पीड़िता ने की शिकायत
रिपोर्ट के मुताबिक, यही फार्महाउस इस पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी है। बताया जा रहा है कि यह फार्महाउस उत्तराखंड की खानपुर सीट से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा से जुड़ा हुआ है।
सोनीपत से अमरोहा लेकर आया था सीआरपीएफ जवान
पीड़िता हरियाणा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि 20 सितंबर को उसकी एक परिचित के जरिए CRPF जवान मोहित से बात हुई थी। इसके बाद 21 सितंबर को वह सोनीपत पहुंची, जहां उसकी मुलाकात मोहित से हुई।
आरोप है कि मोहित उसे अपनी ब्रेजा कार से लेकर निकला। रास्ते में उसने अपने साथी सीआरपीएफ जवान लालाराम को भी कार में बैठा लिया। दोनों युवती को लेकर अमरोहा के हसनपुर पहुंचे।
हसनपुर पहुंचने के बाद फार्महाउस में ठहराया
पीड़िता के मुताबिक, हसनपुर थाने के पास उनकी मुलाकात दरोगा संजय तोमर से हुई। इसके बाद सभी लोग झुलपुरी गांव के पास स्थित फार्महाउस पहुंचे। वहां दो कमरे लिए गए। पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि बाद में दरोगा संजय तोमर और हेड कॉन्स्टेबल परविंद्र मलिक भी वहां पहुंचे। इसके बाद चारों पर उसके साथ जबरदस्ती करने का आरोप है।
रात में ही पुलिस को दी सूचना
पीड़िता ने बताया कि जब चौथा आरोपी कमरे में आया तो उसने उसे बाहर कर दिया और कमरे को अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने इंटरनेट से पुलिस का नंबर खोजा और अधिकारियों को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और युवती से पूरी जानकारी ली। मामले की जांच शुरू की।
चारों आरोपी गिरफ्तार
अमरोहा के एसपी लाखन सिंह यादव ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दो सीआरपीएफ जवानों, दरोगा और हेड कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार किया है। युवती का मेडिकल कराया गया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामला सामने आने के बाद मुरादाबाद के DIG मुनिराज जी. भी अमरोहा पहुंचे। उन्होंने एसपी से पूरे मामले की जानकारी ली और जांच को लेकर बात की।
फार्महाउस को लेकर भी होगी जांच
इस मामले में झुलपुरी का फार्महाउस सबसे ज्यादा चर्चा में है। पुलिस अब यह भी जांच करेगी कि फार्महाउस किसके नाम है, वहां युवती को कैसे लाया गया और घटना के वक्त वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे। फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवती की शिकायत और जांच में सामने आने वाले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले से जुड़े बाकी सवालों के जवाब साफ हो पाएंगे।
अमरोहा के हसनपुर इलाके में स्थित फार्महाउस में हुई घटना के संबंध में पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो सीआरपीएफ जवान, एक सब-इंस्पेक्टर और एक हेड कांस्टेबल शामिल हैं।

More Stories
नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी ने किया डर कर सरेंडर।
निठारी हत्याकांड में आरोपित रहे सुरेन्द्र कोली का चाय की दुकान में रस्सी से लटका मिला शव।
नकाबपोश बदमाशों ने दुकान पर बैठे बाइक मिस्त्री को मारी गोली, अस्पताल ले जाते समय मौत।