
मनोज सैनी
देहरादून। खानपुर के वर्तमान विधायक उमेश शर्मा और पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैम्पियन के बीच चल रहे विवाद को कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने गुंडागर्दी करार दिया। इसके खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेश भर में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया।
माहरा ने वर्तमान विधायक और पूर्व विधायक के आचरण को देवभूमि की संस्कृति के खिलाफ बताया। कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। माहरा ने कहा कि जिस तरीके से हरिद्वार के खानपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं, ये देवभूमि की संस्कृति का अपमान है। एक दूसरे को गाली दी जा रही है। जान से मारने की धमकियां देते हुए हवा में तमचे लहराए जा रहे हैं। खुलेआम फायरिंग हो रही है। यह सब आश्चर्यचकित करने वाला है। कहा कि चार दिन तक खानपुर में ड्रामा चल रहा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते रहे, लेकिन पुलिस प्रशासन नींद में रहा। मामले के तूल पकड़ने के बाव पुलिस ने कार्रवाई की। कहा कि कांग्रेस इस पूरे प्रकरण पर नजर बनाकर रखेगी। देखा जाएगा की किन धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है और कितनी गंभीर कार्रवाई होती है। कहा कि ऋषिकेश में भी सत्ता पक्ष से जुड़े अराजक तत्वों ने रैली के दौरान पर्वतीय क्षेत्र की जनता के लिए अपमानजनक शब्द कहे हैं। यह घोर आपत्तिजनक और निंदनीय है।
उत्तराखंड की जनता ने राज्य को बनाने में लंबा संघर्ष किया। बलिदान दिया है। उत्तराखंड के नौजवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा को अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। पर्वतीय क्षेत्र के हर परिवार से कोई ना कोई सेना में देश की सेवा कर रहा है। इसके बावजूद भाजपा के लोग जिस तरीके से सरेआम पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को गाली गलौज कर रहे हैं, ये आपत्तिजनक है। इसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा के नेता गाली गलौज करने वालों को राजनीतिक संरक्षण दे रहे हैं। इन घटनाओं के खिलाफ कांग्रेस मंगलवार को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर विरोध जताएगी। राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंप दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। इस अवसर पर प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी मौजूद रहे।
More Stories
सैनी आश्रम, ज्वालापुर प्रकरण में नया अपडेट। कूट रचित दस्तावेज और षडयंत्र के तहत समाज के चंद जयचन्दों ने रजिस्टर्ड करवायी “प्रबंध समिति, सैनी आश्रम, ज्वालापुर” नाम की नई संस्था।
केंद्रीय चुनाव प्रभारी ने की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित 8 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की घोषणा।
डीएम ने रोका 5 लापरवाह अधिकारियों का वेतन। कहा जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही व लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं।