Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

हरिद्वार में धामी सरकार की कैबिनेट बैठक जनता के पैसे की बर्बादी: आलोक शर्मा

ब्यूरो

हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा नें कहा कि हरिद्वार में धामी सरकार की कैबिनेट बैठक जनता के पैसे की बर्बादी है। आज हुई कैबिनेट बैठक में हरिद्वार के हितों के लिए न तो कोई ठोस निर्णय लिया गया और न ही कुम्भ से जुडे़ किसी योजनाओं पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा है कि कैबिनेट की बैठक में जो निर्णय लिए गये उनमें से अधिकतर अधिकारी स्तर पर भी निर्णय लिए जा सकते है। सोमवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कैबिनेट की सोमवार को हरिद्वार में हुई बैठक जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग और राजनीतिक चुनावी नौटंकी है।
उन्होने कहा कि कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों में से कोई भी निर्णय हरिद्वार की भलाई के लिए नहीं है। जिस ऋषिकुल विद्यापीठ में शोध संस्थान खोलने का निर्णय लिया गया। उक्त विद्यापीठ के संचालन के लिए पहले से ही एक संस्था कार्यरत है। उन्होने कहा कि कैबिनेट की बैठक में कोई भी नीतिगत निर्णय नहीं लिए गए, जो भी निर्णय आज लिए गये उनमें से अधिकतर अधिकारी स्तर भी लिए जा सकते हैं। जिसमें खसरा नं. बदलने जैसा निर्णय जो कि उप जिलाधिकारी द्वारा लिया जा सकता है, भी शामिल है।
आलोक शर्मा ने कहा कि कुम्भ नगरी में हुई बैठक में कुम्भ से सम्बन्धित कोई भी प्रस्ताव नहीं लिया जाना सरकार की उदासीनता का दर्शाता है। उन्होंने कुम्भ से सम्बन्धित निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री या मन्त्रियों के मुंह तक नहीं खुलते हैं। उन्होंने ज्वालापुर, बहादराबाद, कांगड़ी आदि क्षेत्रों को कुंभ मेला क्षेत्र में शामिल करने की मांग करते हुए रानीपुर और हरिद्वार के विधायक को नकारा बताया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में पांडेय वाला स्थित गुघाल मेला स्थल से रमता पंच और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते है लेकिन दुर्भाग्य है कि उक्त धार्मिक स्थल भी कुंभ मेला से बाहर रखा गया है। उन्होंने दोनों विधायकों से सवाल किया कि हरिद्वार के विकास से जुड़ा कोई भी प्रस्ताव आज कैबिनेट की बैठक में क्यों नहीं था? हम उम्मीद कर रहे थे कि कैबिनेट बैठक में धामी सरकार अर्धकुंभ से जुड़ा श्वेत पत्र लायेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता 2022 में उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के माता पिता द्वारा आज भी एक वीडियो जारी कर धामी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उन्हें भाजपा की धामी सरकार से कोई न्याय की उम्मीद नहीं है और जांच के नाम पर उन्हें और उनके संबंधियों को लगातार परेशान किया जा रहा है। इतना ही नहीं जांच एजेंसियां केवल उन्हीं लोगों से पूछताछ कर रही है, जिनसे पहले पूछताछ की जा चुकी है, जबकि इस घटना में शामिल वीआईपी या अन्य लोगों से कोई पूछताछ नहीं की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां केवल टाइम पास कर रही है। उन्होंने कहा कि टैक्स पेयर के लाखों रुपये खर्च करके क्या धामी जी हरिद्वार में मोदीनामा पढ़ने आये थे।
उन्होंने दिल्ली छात्र/छात्राओं पर पुलिस द्वारा बर्बरता किए जाने की निन्दा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से देश का हर वर्ग परेशान है। प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चन्द्रा, सुरेश राणा, चंदन शर्मा, श्याम सिंह सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।

Share
error: Content is protected !!