ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साह के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस में दी गई तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी, मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस घटनाक्रम के बाद से प्रदेश के राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
रेखा आर्य द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उनका विवाह 6 जुलाई 2004 को हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। आरोप है कि विवाह के समय पति ने खुद को अविवाहित बताया था, जबकि वे पहले से विवाहित थे। बच्चों के भविष्य को देखते हुए उस समय उन्होंने चुप रहना उचित समझा, लेकिन समय के साथ पति के व्यवहार में बदलाव आने लगा।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पति के कथित संबंधों का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। इसके अलावा सरकारी आवास पर कर्मचारियों के सामने अपमानित करने और कंपनियों में जाली हस्ताक्षर कर निदेशक पद से हटाने का दावा भी किया गया है। शिकायत में एक ऑडियो का हवाला देते हुए हत्या की साजिश रचने की आशंका जताई गई है।



मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर सभी साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। कानून के अनुसार जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

More Stories
नवोदय नगर की ऐतिहासिक रामलीला में पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा: लगाया देवी देवताओं को भोग, लिया आशीर्वाद। रामलीला मंचन देखने उमड़ी हजारों राम भक्तों की भीड़।
चौक बाजार ज्वालापुर श्री राम लीला समिति के रंग मंच पर सीता हरण जटायु वध देखने उमड़ी दर्शको की भारी भीड़।
चैक बाउंस में छह माह की कैद।