ब्यूरो
हरिद्वार। अंकिता भंडारी की निजी चैट को सार्वजनिक करने के विरोध में पहाड़ी महासभा ने विनोद आर्य के खिलाफ नगर कोतवाली हरिद्वार के बाहर प्रदर्शन करते हुए विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर तहरीर दी। अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य द्वारा पत्रकार वर्ता के दौरान अंकिता भंडारी की कथित निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले को लेकर पहाड़ी महासभा हरिद्वार ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। पहाड़ी महासभा ने इस कृत्य को एक दिवंगत बेटी की निजता एवं गरिमा से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील मामला बताते हुए विनोद आर्य के विरुद्ध हरिद्वार कोतवाली मुकदमा दर्ज करने की मांग की। महासभा की ओर से मांग की गयी कि किसी की निजी चैट को सार्वजनिक करना और उससे संबंधित कानूनी उल्लंघनों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।
महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसकी निजता एवं सम्मान की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी दिवंगत बेटी की निजी बातचीत को सार्वजनिक मंच पर लाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मामले में पुलिस को निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। महासभा के सचिव जसवन्त सिंह बिष्ट ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। किसी की निजी चौट सार्वजनिक करने का अधिकार किसी को नहीं है। पुलिस इस मामले में तत्काल संज्ञान ले वरना हम सड़क पर आंदोलन करने के लिए तैयार हैं। संरक्षक जेपी बडोनी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अंकिता को अपनी बेटी मानती है। उसकी गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संरक्षक सतीश जोशी ने कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है। पुलिस को पूरे प्रकरण की जांच कर यह पता लगाना चाहिए कि निजी चैट किस प्रकार प्राप्त हुई और उसे सार्वजनिक क्यों किया गया। संरक्षक जगत सिंह रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी के मामले में प्रदेश की जनता पहले से ही आहत है। ऐसे मामलों में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता दिखाने की आवश्यकता है। कार्यकारिणी सदस्य रवि बाबू ने कहा कि पहाड़ की बेटी के सम्मान का सवाल है। पहाड़ी महासभा इस मामले में चुप बैठने वाली नहीं है। कार्यकारिणी सदस्य दीपक पांडे ने कहा कि किसी की निजी जिंदगी को सार्वजनिक तमाशा बनाना उचित नहीं है। इस मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्यकारिणी सदस्य कैलाश भट्ट ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना पूरे उत्तराखंड की सामूहिक जिम्मेदारी है। महासभा इस लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी। महिला अध्यक्ष सरिता पुरोहित ने कहा कि एक महिला की निजी बातचीत को सार्वजनिक करना उसकी गरिमा और निजता से जुड़ा गंभीर विषय है। अंकिता को न्याय मिलना चाहिए और महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। पहाड़ी महासभा ने प्रदेश के समस्त सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं मातृशक्ति से अपील की है कि वे अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और उसकी गरिमा की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएं। महासभा ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटी के सम्मान, निजता और न्याय के लिए है।
इस अवसर पर भगवान जोशी, अरुण प्रकाश, दीपक,रवि बाबू शर्मा, टी एस रावत, शरद चंद्र ध्यानी, नरेंद्र सिंह,तरुण जोशी, पंडित गोपाल कृष्ण बडोला,जे पी बडोनी,रमेश चंद्र पंत,सरोजिनी जोशी, कैलाश चंद्र भट्ट, पियूष चौहान, अतुल गोसाई, महावीर सिंह नेगी, लता जोशी, सुभाष पुरोहित, सोम प्रकाश, संजय नैथानी, पवन शर्मा, बलराम कड़क, गणेश भट्ट आदि उपस्थित रहे।

More Stories
हैवानियत: 11 माह की मासूम बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पत्रकारों से निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता पर दिया जोर।
सांई मंदिर में चोरी के मामले में पुलिस ने किया तीन आरोपियों को गिरफ्तार।