Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या, 28 को ही सरकार ने वापिस ली थी सुरक्षा

पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, सिद्धू मूसेवाला पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने हमला किया था।
मिली जानकारी के अनुसार पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की रविवार को मानसा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्हें मानसा के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एक दिन पहले ही सूबे की ‘आप’ सरकार ने तमाम लोगों की सुरक्षा हटाई थी, जिसमें मूसेवाला भी शामिल थे। आपको बता दें कि मूसेवाला ने चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ज्वाइन की थी।

मानसा में हुई घटना में मूसेवाला और उनके साथियों पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। कथित तौर पर उन्हें झावाहर के गांव में एक मंदिर के पास कम से कम 10 बार गोली मारी गई। घटना के बाद सिद्धू मूसेवाला को मानसा के अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। घटना में 3 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
बताते चलें कि सिद्धू मूसेवाला ने मानसा से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। मूसेवाला को आप के डॉ0 विजय सिंगला ने 63,323 मतों के अंतर से हराया था। मानसा जिले के एक गांव मूसा के रहने वाले मूसेवाला पिछले साल नवंबर में काफी धूमधाम से कांग्रेस में शामिल हुए थे। पंजाब की भगवंत मान सरकार ने 28 मई, शनिवार को ही 424 वीआईपी लोगों की सुरक्षा वापस ली थी। जिनकी सुरक्षा वापस ली गई, उनमें सिद्धू मूसेवाला के साथ कई सेवानिवृत्त अधिकारी और पूर्व विधायक भी शामिल थे। इससे पहले अप्रैल में भी पंजाब सरकार ने पूर्व मंत्रियों और नेताओं सहित 184 लोगों की सुरक्षा वापस लेने का आदेश दिया था। कांग्रेस द्वारा उन्हें मानसा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिए जाने के बाद, मानसा के तत्कालीन विधायक नज़र सिंह मनशाहिया ने यह कहते हुए पार्टी के खिलाफ विद्रोह कर दिया था कि वह विवादास्पद गायक की उम्मीदवारी का विरोध करेंगे। दरअसल, मूसेवाला अपने गानों और अन्य गतिविधियों के चलते कई बार विवादों में भी रह चुके थे।

मूसेवाला का कुछ ऐसा रहा था करियर

मूसेवाला ने अपने करियर की शुरुआत निंजा के गाने “लाइसेंस” के लिए एक गीतकार के रूप में की थी। उन्होंने अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत “जी वैगन” से की थी। बाद में, वह ब्राउन बॉयज़ के साथ कई गानों में साथ नजर आये थे, जिन्हें हम्बल म्यूजिक द्वारा रिलीज किया गया था। एक गायक के रूप में मूसेवाला ने अपने करियर में “इस्सा जट्ट”, “टोचन”, “सेल्फमेड”, “फेमस” और “वार्निंग शॉट्स” जैसे कई हिट गाने दिए थे। उनका नया सिंगल “लेवल” 24 मई को ही सामने आया था।

Share
error: Content is protected !!