Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

शुचितापूर्ण राजनीति व संस्कारवान कार्यकर्त्ता ही भाजपा की पहचान : कौशिक

भाजपा हरिद्वार मण्डल के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय केन्द्रीय प्रशिक्षण शिविर समाप्त

हरिद्वार ब्यूरो
हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी हरिद्वार के हरिद्वार मण्डल का दो दिवसीय केन्द्रीय प्रशिक्षण शिविर का भूपतवाला स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट में समापन हुआ। दूसरे दिन केन्द्रीय प्रशिक्षण शिविर के सत्र को सम्बोधित करते हुए शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि शुचितापूर्ण राजनीति व संस्कारवान कार्यकर्त्ता ही भाजपा की पहचान हैं, भारतीय राजनीति में जनसंघ से प्रारम्भ हुआ सफर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में केन्द्र में पूर्ण बहुमत वाली सरकार की स्थापना करोड़ों कार्यकर्त्ताओं के बलिदान, परिश्रम व निष्ठा का ही प्रतिफल है।
मदन कौशिक ने कहा कि केन्द्र में अटल बिहारी वाजपेयी जी को बहुमत साबित करने के लिए मात्र एक वोट की आवश्यकता थी। उन्होंने अपनी सरकार को खरीद-फरोख्त से बचाने के स्थान पर गंवाना मंजूर किया तथा भारतीय राजनीति में आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया। जनसंघ में 3 सांसद व भाजपा में 2 सांसदों से प्रारम्भ हुआ सफर अपनी सफलता की कहानी स्वयं बयां करता है। आज देश की संसद में 303 लोकसभा सदस्य भाजपा के हैं। इस प्रचण्ड बहुमत के बल पर ही जो सपनें जनसंघ की स्थापना के समय डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने देखें थे वह साकार रूप लेते नजर आ रहे हैं। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 की समाप्ति हो अथवा राम मंदिर निर्माण जैसा विराट कार्य देश की जनता के आशीर्वाद से भाजपा सरकार ने कर दिखाये है।
ऋषिकेश की मेयर अनिता ममगाई ने अपने सम्बोधन में सरकार की उपलब्धियों व जनहित के कार्यों को उल्लेखित किया। उन्होंने कहा कि विगत छः वर्ष के कार्यकाल में नरेन्द्र मोदी सरकार ने भारत की दशा और दिशा दोनों बदल कर रख दी है। राज्य की त्रिवेन्द्र सरकार प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रही है।
छठे सत्र में संघ के विभाग प्रचारक शरदजी भाई साहब ने हमारा विचार परिवार विषय पर अपना मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ व्यक्तित्व का निर्माण करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव जागृत करता है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रति व्याप्त गलत धाराणाओं का निदान व समापन संघ को करीब से जानकर ही किया जा सकता है। संगठन में संस्कार, शुचिता, राष्ट्रभक्ति एवं समरसता आधार स्तम्भ है। जीवन में अनुशासन व समर्पण से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।
सत्र का समापन प्रदेश भाजपा के महामंत्री राजू भण्डारी की गरिमामयी उपस्थित में सम्पन्न हुआ जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री योगेश चौहान ने अपने सम्बोधन में भाजपा कार्यकर्त्ताओं को अपने स्वर्णिम इतिहास से सबक लेकर राष्ट्र को सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करने का आवाह्न किया। उन्होंने कहा कि भारत एक प्राचीन देश है जिसका अपना इतिहास धर्म, संस्कृति विश्व में अपना विशिष्ट स्थान रखती है। भाजपा मण्डल अध्यक्ष वीरेन्द्र तिवारी, मण्डल के पालक रोहित साहू, मण्डल महामंत्री तरूण नैयर आदि ने आये हुए वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों का स्वागत किया।
दो दिवसीय वर्ग प्रशिक्षण शिविर में पूर्व मण्डल अध्यक्ष व पार्षद अनिरूद्ध भाटी, विनित जौली, अनिल मिश्रा, सुनीता शर्मा, अनिल वशिष्ठ, विकास कुमार विक्की, श्रुति खेवड़िया, कमल बृजवासी, किशन बजाज, पुष्पा शर्मा, विकल राठी, विदित शर्मा, रितेश वशिष्ठ, गोमती मिश्रा, पूनम मखीजा, मुकेश पुरी, मुकेश राणा, रामसिंह बबलू, रवि चौहान, अर्चित चौहान, भास्कर जोशी, दिनेश पाण्डे, अजीत कुमार, चन्द्रकांत पाण्डे, हेमलता जोशी, यशोदा यादव, रिया अरोड़ा, पूरण पाण्डे, इष्टदेव सोनी, उमेश मिश्रा, सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, मनीष चौटाला, आदित्य झा, अंजू वधावन सहित भाजपा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा आदि के पदाधिकारियों के साथ ही भाजपा कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

Share
error: Content is protected !!