Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

बीएचईएल ने ग्रिड स्थिरता समाधान क्षेत्र में अपनी उपस्थिति का किया विस्तार।

बाड़मेर और कल्याणपुर में दो सिंक्रोनस कंडेंसर परियोजनाओं के लिए पावरग्रिड से ऑर्डर प्राप्त किए

मनोज सैनी

हरिद्वार। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने राजस्थान के बाड़मेर और गुजरात के कल्याणपुर में सिंक्रोनस कंडेंसर की स्थापना के लिए दो प्रतिष्ठित ऑर्डर प्राप्त करके सिंक्रोनस कंडेंसर (सिनकॉन) के तेज़ी से विकसित हो रहे क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) से प्राप्त इन ऑर्डरों में चार सिंक्रोनस कंडेंसर इकाइयां सम्मिलित हैं, जिनमें से प्रत्येक की क्षमता +300 एमवीएआर / -200 एमवीएआर है। बीएचईएल के कार्यक्षेत्र में संपूर्ण डिज़ाइन, इंजीनियरिंग, विनिर्माण, आपूर्ति, इरेक्शन, परीक्षण एवं कमीशनिंग शामिल है।

यह बीएचईएल द्वारा स्वदेशी रूप से डिज़ाइन किए गए अपने पहले सिंक्रोनस कंडेंसर समाधान के विकास और स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह उपलब्धि ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विज़न के अनुरूप नए क्षेत्रों में विविधीकरण, प्रौद्योगिकीय आत्मनिर्भरता तथा स्वदेशी डिज़ाइन, इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण क्षमताओं के प्रति कंपनी की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस परियोजना के लिए अन्य उपकरणों एवं प्रणालियों के साथ-साथ, बीएचईएल अपने भोपाल संयंत्र से सिंक्रोनस मशीनों एवं सहायक उपकरणों, ट्रांसफॉर्मरों और एमवी स्विचगियर की तथा बेंगलुरु स्थित अपने इलेक्ट्रॉनिक्स डिवीज़न संयंत्र से नियंत्रण प्रणालियों की आपूर्ति करेगा।

सिंक्रोनस कंडेंसर डायनामिक रिएक्टिव पावर सपोर्ट, वोल्टेज नियमन, बेहतर शॉर्ट-सर्किट क्षमता तथा इनर्शिया सपोर्ट प्रदान कर आधुनिक विद्युत ग्रिड को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रिड में नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के बढ़ते एकीकरण के साथ, ग्रिड की स्थिरता, विश्वसनीयता और सुदृढ़ता सुनिश्चित करने में इन प्रणालियों का महत्व लगातार बढ़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि बड़ी रोटेटिंग इलेक्ट्रिकल मशीनों, इंजीनियरिंग और विनिर्माण के क्षेत्र में अपने व्यापक अनुभव के बल पर बीएचईएल देश के विद्युत पारेषण एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करने में पूरी तरह सक्षम है।

बीएचईएल भारत का अग्रणी इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण उद्यम है, जिसकी देश के विद्युत उत्पादन, पारेषण, परिवहन, रक्षा और औद्योगिक क्षेत्रों में योगदान की एक समृद्ध विरासत रही है। अपनी व्यापक विनिर्माण सुविधाओं, इंजीनियरिंग विशेषज्ञता और प्रौद्योगिकीय क्षमताओं के माध्यम से कंपनी भारत के ऊर्जा एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम को सुदृढ़ बनाने में निरंतर अहम भूमिका निभा रही है।

error: Content is protected !!