Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

पौड़ी में बड़ा हादसा: 250 फिट खाई में गिरी कार, 3 साल के बच्चे सहित हरिद्वार के 5 लोगों की मौत।

ब्यूरो

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के पास कार के करीब 250 फीट गहरी खाई में गिरने से यह हादसा हुआ। दुर्घटना में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक सर्वेश सिंह पंवार ने बताया कि शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे थाना देवप्रयाग को सूचना मिली कि कुंडाधार के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और अभियान चलाकर सभी लोगों को वाहन से बाहर निकाला।

पांच लोगों की मौके पर मौत

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे अरमान को प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है।

हरिद्वार के लक्सर का रहने वाला था परिवार
पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के रायपुर जीतपुर गांव के निवासी थे। मृतकों की पहचान अफजाल (49) पुत्र अकबर सूफी, उनकी पत्नी शब्बो (40), बेटी अन्नाविया (3), बेटे शादाब (14) और गुफरान (34) पुत्र अकबर के रूप में हुई है।

परिवार को घुमाने ले जा रहा था अफजाल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अफजाल पौड़ी में ठेकेदारी का काम करता था और अपने परिवार को घुमाने के लिए पौड़ी लेकर जा रहा था। हादसे के समय वह स्वयं कार चला रहा था। पुलिस ने शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

अधिक पढ़े जाने वाली खबर

Share
error: Content is protected !!