Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

15 बसों का चालान, 2 बसें सीज़, 4 बसों की फिटनेस निरस्तीकरण की संस्तुति।

मनोज सैनी

हरिद्वार। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में तथा एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में लक्ज़री बसों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी, संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन एवं परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम द्वारा जनपद के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच की गई।

अभियान के दौरान लक्ज़री बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, कर अदायगी, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 15 लक्ज़री बसों के चालान किए गए। गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 2 बसों को सीज़ किया गया, जबकि तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर 4 बसों की फिटनेस निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई है।

प्रवर्तन टीम द्वारा विशेष रूप से काश्यप धर्मशाला क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी गई तथा यह सुनिश्चित कराया गया कि कोई भी बस वहां अवैध रूप से रुककर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने अथवा यातायात बाधित न करे। अभियान के दौरान किसी भी बस को काश्यप धर्मशाला पर रुकने नहीं दिया गया तथा सभी बसों का संचालन केवल निर्धारित स्थानों से ही सुनिश्चित कराया गया।

आज के विशेष अभियान के दौरान परिवहन विभाग द्वारा कुल 60 चालान किए गए, जिनमें 15 लक्ज़री बसों के चालान शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन के लिए इस प्रकार के विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 एवं प्रचलित नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के समस्त अभिलेख अद्यतन रखें तथा निर्धारित नियमों का पूर्णतः पालन करते हुए ही वाहन संचालन करें, जिससे सुरक्षित, व्यवस्थित एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

अधिक पढ़े जाने वाली खबर

Share
error: Content is protected !!