Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

चर्चित अमेरिकन आश्रम की साढ़े 3 बीघा जमीन हुई कब्जामुक्त। आश्रम की संचालिका ने लिया कब्जा।

ब्यूरो
हरिद्वार। बहुचर्चित स्वामी देवानंद भारत भक्ति योग आश्रम (अमेरिकन आश्रम) भूपतवाला की लगभग साढ़े तीन बीघे जमीन जो कुछ भगवाधारियों के सहयोग से एक भूमफिया ने कब्जा कर उस पर अपनी बाउंड्री वाल बना ली थी, देर रात उस बाउंड्रीवाल को गिरा दी गई और उक्त भूमि को आश्रम ने अपने कब्जे में ले लिया है। इतना ही नहीं एक अन्य कब्जाधारी अशोक सोलंकी द्वारा अवैध रूप से आश्रम की भूमि पर बनाई गई दुकानों के भी हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण में ध्वस्तीकरण के आदेश कर दिए हैं।
बता दें कि अमेरिकन आश्रम की मुख्य कर्ता धर्ता मिस ईस्टर फ्राइड कनाडा के टोरंटो शहर में रहती है। पिछली बार जब कुछ भूमाफियों ने उक्त आश्रम पर एक फर्जी संस्था बना ली तो कुछ भगवाधारी उस समय दिखावे के लिए ईस्टर फ्राइड से मिले और उन्हें आश्रम को कब्जामुक्त कराने हेतु सहयोग का आश्वासन दिया। ईस्टर फ्राइड के अनुसार उक्त भगवाधारियों ने उन्हें कोई सहयोग नहीं किया वरन उनके हिंदी न जानने का कारण उन्हें धोखे में रखा। इतना ही नहीं उक्त भगवाधारियों द्वारा एक नई कार्यकारिणी बनाकर ये दर्शाया गया कि अब उक्त अमेरिकन आश्रम उनके अधीन है। इस दौरान फर्जी कार्यकारिणी के अध्यक्ष बने एक भगवाधारी ने उक्त अमेरिकन आश्रम पर पहले एक अपराधी किस्म का व्यक्ति रहने के लिए भेजा उसके बाद एक संघ से जुड़ा नौजवान वहां 2-4 दिन रहने के लिए भेजा। ईस्टर फ्राइड का दावा है कि उक्त भगवाधारियों की गिद्ध दृष्टि अमेरिकन आश्रम पर लग गई और उसे कब्जाने के लिए तरह तरह के षडयंत्र किए जाने लगे। इस बीच कथित भगवाधारी द्वारा भेजे गए आपराधिक किस्म के व्यक्ति द्वारा आश्रम की भूमि को कब्जाने की बदनीयत से उसने पहले एक कैंटीन बनाई और उसके बाद कई दुकानों का निर्माण कर लिया, वहीं आरएसएस से जुड़े युवक ने पहले आश्रम के 2 कमरों पर कब्जा कर लिया उसके बाद आश्रम की भूमि पर कब्जा करने के लिए कमरे और बाउंड्रीवाल बना ली। इस बीच चर्चा हुई कि कुछ भगवाधारियों ने एक भूमाफिया से मिलकर आश्रम की साढ़े 3 बीघे जमीन पर कब्जा करवाकर उसकी बाउंड्रीवाल करवा दी, जिसके बदले भूमाफिया ने एक मोटी रकम भगवाधारियों को दी।
चंद दिनों बाद अमेरिकन आश्रम स्थानीय निवासियों की नजर में आया और उस पर अवैध रूप से कब्जा करने की चर्चा ने जोर पकड़ा। इसके बाद एक हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में अमेरिकन आश्रम की कर्ता धर्ता ईस्टर फ्राइड ने मीडिया के सामने आकर सच्चाई बयां की और पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए।
ईस्टर फ्राइड के सामने आने के बाद भगवाधारियों के होश फाख्ता हो गए।

बताया जाता है कि बीती रात आश्रम ट्रस्ट की कनाडाई सचिव के दखल से आश्रम की भूमि पर हुए कब्जे को नेस्तानाबूद कर उक्त कब्जे वाली भूमि पर आश्रम की संचालिका ने अपना कब्जा ले लिया है। आने वाले समय में आपराधिक किस्म के व्यक्ति द्वारा किए गए अवैध कब्जे पर भी हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण का हथौड़ा चलेगा, जिसके आदेश पारित हो चुके हैं।

Share
error: Content is protected !!