मनोज सैनी
हरिद्वार। आने वाले बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए बीएचईएल हरिद्वार का नगर प्रशासन विभाग, अपनी तैयारियों को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। बारिश के दिनों में होने वाली जलभराव की समस्या से निजात पाने के लिए, विभाग द्वारा पिछले लगभग एक सप्ताह से उपनगरी में स्थित नाले-नालियों व तालाबों की, सफाई का कार्य जोर-शोर से किया जा रहा है। नगर प्रशासन विभाग इस बात पर पूरा ध्यान दे रहा है कि मानसून के दिनों में, कहीं भी जल-जमाव की समस्या न हो तथा लोगों को इससे परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अभियान के अंतर्गत बीएचईएल उपनगरी के नाले-नालियों व तालाबों में उगे खर-पतवार तथा जमा कूड़े आदि को मशीनों की मदद से साफ किया जा रहा है। नगर प्रशासन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निगरानी में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत, इस बात का पूरा ध्यान रखा जा रहा है कि पानी की निकासी सही तरह से सुनिश्चित हो सके। बीएचईएल प्रशासन द्वारा वृहद स्तर पर किया जा रहा, यह सफाई कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बरसात के समय आस-पास के पहाड़ों से आने वाले पानी के कारण, बीएचईएल उपनगरी में कुछ स्थानों पर जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। इससे निपटने के लिए बीएचईएल प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थानों पर, बड़े तालाबों का निर्माण किया गया है। इन तालाबों में बारिश का पानी इकट्ठा हो जाता है, जिससे जल भराव की समस्या से काफी राहत मिलती है।

More Stories
उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में ससपा: श्री एम. नागेश्वर राव।
हरिद्वार जनपद में 2027 में 126 परीक्षा केंद्रों में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट के कुल 48,320 छात्र-छात्राएं देंगे परीक्षा।
महिला से मारपीट करने वाले युवक को छह माह की कैद।