मनोज सैनी
हरिद्वार। हरियाली के प्रतीक, हरेला पर्व के उपलक्ष्य में बीएचईएल नगर प्रशासन विभाग द्वारा, सेक्टर-1 स्थित अभियंता प्रशिक्षु छात्रावास परिसर में, एक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “एक पेड़ मां के नाम” तथा “हरेला का त्योहार मनाओ, धरती मां का ऋण चुकाओ“ शीर्षक के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में, बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार के नेतृत्व में, बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में श्री रंजन कुमार ने सभी को, हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारे पूर्वजों के आदर और कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज जब पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और असमय मौसम परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है, तब हमारे इस पारंपरिक पर्व की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है।
महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संतोष कुमार गुप्ता ने उपस्थित जन समुदाय को हरेला पर्व की महत्ता के बारे में बताया तथा सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिये प्रेरित किया। नगर प्रशासक एवं सम्पदा अधिकारी श्री अतुल सचान ने सभी से, बारिश के इस मौसम में कम से कम एक पेड़ लगाने व उसकी देखभाल करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि आज के इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में महाप्रबंधकगण, सीआईएसएफ कमाडेंट श्री दीपक बडोला, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, विप्स पदाधिकारी तथा यूनियन्स एवं एसोसिएशन्स के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा विभिन्न प्रजातियों के पेड़ लगाए। कार्यक्रम का संचालन श्री राहुल गर्ग (वरिष्ठ अभियंता) नगर प्रशासन ने किया।

More Stories
कांवड़ यात्रा निर्विघ्न सकुशल हुई सम्पन्न। 4 करोड़ 80 लाख 40 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर हुए रवाना।
चमोली में बादल फटने से हुई तबाही, तिनके की तरह बह गया पुल। बीआरओ कर्मचारी लापता। देखें वीडियो
गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे सोने के आभूषण मय मुआवजा लौटाने का आदेश। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने दिया यूको बैंक को आदेश।