मनोज सैनी
हरिद्वार। पथरी पुलिस ने स्कॉर्पियों में ले जाई जा रही चोरी की दो जिंदा भैंसों को बरामद किया है। पशु तस्कर मौके से फरार हो गए जिनकी सरगर्मी से तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17/18 मई की रात थाना पथरी पुलिस द्वारा सुभाषगढ़ तिराहे पर रूटीन चैकिंग की जा रही थी। इस दौरान सुभाषगढ़ की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार को थाना पथरी पुलिस टीम द्वारा रोकने का इशारा किया गया तो पुलिस को देखकर चैकिंग प्वाइंट से कई मीटर पहले स्कॉर्पियो सवार व्यक्तियों ने एकदम से तेज ब्रेक मारकर कार को झटके से रोका और गाड़ी से तुरंत निकलकर तेजी से भाग गए।
घटना में संदिग्धता दिखने पर पुलिस टीम ने भागे व्यक्तियों का पीछा किया लेकिन घने अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। पुलिस टीम ने झटके से रुकी स्कॉर्पियो कार को सावधानीपूर्वक चैक किया तो उसके अन्दर पैर बांधकर बुरी तरह से ठूंसे गए दो जीवित भैंस वंशीय पशु मिले।
सूचना पर तुरंत पहुंचे थानाध्यक्ष पथरी रविंद्र कुमार द्वारा टीम के साथ मिलकर दोनों पशुओं को सकुशल बाहर निकालकर कार सहित थाना पथरी लाया गया।
पशुओं के साथ हुई क्रूरता देखकर थाना पथरी पुलिस द्वारा चोरों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
सुबह उठने पर भैंस चोरी होने का पता चला तो भैंसों के मालिक बदहवास हालत में पथरी थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के पास पहुंचे। जिसपर जब पीड़ितों को थाने में मौजूद भैंसों को दिखाया गया तो पीड़ितों द्वारा अपनी-अपनी भैंसों को पहचान लिया गया। पीड़ित अपने साथ अपनी अपनी भैंसों की फोटो भी लेकर आए थे।
अपनी दूध देने वाली भैंसों को वापस सकुशल पाकर भैंस मालिक बेहद खुश हुए और खूब दुआएं देते हुए पथरी पुलिस टीम के साथ अपने मोबाइल से फोटो भी खींची।
पीड़ितों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों के आधार पर थाना पथरी में तत्काल भैंस चोरी के संबंध में गंभीर धाराओं में अलग-अलग दो अभियोग पंजीकृत किये गये। पुलिस टीम अब फरार भैंस चोरों की तलाश कर रही है।

More Stories
उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में ससपा: श्री एम. नागेश्वर राव।
हरिद्वार जनपद में 2027 में 126 परीक्षा केंद्रों में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट के कुल 48,320 छात्र-छात्राएं देंगे परीक्षा।
महिला से मारपीट करने वाले युवक को छह माह की कैद।