ब्यूरो
देहरादून। भर्तियों में धांधली की सीबीआई जांच और तत्काल नकल विरोधी कानून बनाने सहित नौकरी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे बेरोजगारों ने पुलिस के पसीने छुड़ा दिए। हजारों की तदाद में उमड़े बेरोजगारों के प्रदर्शन से देहरादून की यातायात व्यवस्था का दम निकल गया। प्रदर्शनकारियों को रोकने को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर नोंकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस को बेरोजगार नौजवानों को नियंत्रित करने को लेकर लाठियां फटकारी गई। जिसमें करीब एक दर्जन से अधिक नौजवानों को चोट लगने की खबर आ रही है। भर्तियों में धांधलियों के विरोध में आंदोलन कर रहे बेरोजगारों की वजह से गांधी पार्क के बाहर सड़क जाम रहा। घंटाघर से राजपुर और एस्लेहॉल से घंटाघर, दोनों तरफ का ट्रैफिक प्रदर्शनकारियों ने रोक दिया। हालांकि इस बीच बेरोजगारों की ओर से पत्थरबाजी का भी आरोप लग रहा है।
नाराज प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने समझाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस व प्रदर्शनकारी युवाओं के बीच झड़प भी हुई। इसके बाद नाराज बेरोजगारों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जिसमें खबर लिखे जाने तक करीब दर्जन भर बेरोजगारों को चोट लगने की खबर है। अब मामले को लेकर कांग्रेस सहित अन्य दल भी मुखर हो गए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सूर्यकांत घस्माना ने शाम को लाइव पर लाठीचार्ज की कड़ी आलोचना की। कहा कि भर्तियों में घोटाला बिना संरक्षण संभव नहीं है। सरकार आखिरकार सीबीआई की जांच क्यों नहीं करा रही हैं। उन्होंने अंकिता हत्याकांड को लेकर भी सरकार को घेरा। कहा कि कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी और जिन लोगों ने लाठीचार्ज किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है।
इस वजह से आक्रोशित थे प्रदर्शनकारी
लेखपाल, जेई, एई सहित लोक सेवा आयोग की तमाम भर्तियों में धांधली की सीबीआई से जांच, तत्काल नकल विरोधी कानून बनाने और लेखपाल भर्ती में शामिल नकलचियों की सूची सार्वजनिक करने के बाद ही दोबारा परीक्षा कराने की मांग को लेकर बेरोजगार युवाओं ने एक दिन पहले गांधी पार्क के बाहर सत्याग्रह शुरू किया था। पर देर रात पुलिस ने इन्हें जबरन उठा दिया। जिससे इनमें आक्रोश था।
प्रदेश भर में सरकार का पुतला फूंकेगी कांग्रेस
देहरादून में नौजवानों पर लाठीचार्ज के खिलाफ कांग्रेस ने दस फरवरी को सरकार का पुतला फूंकने का एलान कर दिया है। प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी ने बताया कि प्रदेश भर के जिला और महानगर मुख्यालयों में दस फरवरी को भाजपा सरकार का पुतला फूंका जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने का कि जिला और महानगर मुख्यालयों पर जोरदार तरीके से सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की जरूरत है।

More Stories
बीएचईएल के नव-नियुक्त आर्टिजन प्रशिक्षुओं के लिए, प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन।
कांग्रेसजनों ने पुण्यतिथि पर किया देश के प्रथम प्रधानमंत्री श्री जवाहर लाल नेहरू को याद। कहा पंडित नेहरू ने गुटनिरपेक्ष आंदोलन चलाकर विश्व को प्रदान की नई दिशा।
बीकेटीसी में हुए भ्रष्टाचार का आरटीआई से हुआ खुलासा, मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय जांच कर कड़ी कार्यवाही की मांग।