Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

बीएचईएल हरिद्वार ने बांग्लादेश में जीता गोल्ड अवार्ड।

मनोज सैनी

हरिद्वार। बीएचईएल हरिद्वार ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित 51वें इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कंट्रोल सर्कल्स में “गोल्ड अवार्ड” प्राप्त किया है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 14 से अधिक देशों की टीमों ने भाग लिया। बीएचईएल हरिद्वार इकाई का प्रतिनिधित्व करते हुए विद्युत मशीन्स, ब्लॉक-1, के गुणत्ता चक्र – 771 (तरुण) ने ऑनलाइन माध्यम द्वारा सम्मेलन में भाग लिया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सफलता प्राप्त की।

बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर टीम के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे समर्पित कर्मचारियों ने हमेशा ही अपने उत्कृष्ट कार्यों से संस्थान का गौरव बढ़ाया है। उल्लेखनीय है कि यह पुरस्कार अपने कार्य क्षेत्र में नई सोच, काम को सरल बनाने, गुणवत्ता बढ़ाने व नए टूल्स एवं तकनीकों का विकास करने के लिए दिया जाता है। गुणता चक्र की ओर से श्री प्रभात कुमार (फैसिलिटेटर), श्री योगेश कुमार (टीम लीडर) तथा सदस्य श्री बिरेन्द्र सिंह, श्री गौरव ओझा, श्री सोम दत्त व श्री रेशु चौहान ने केस स्टडी का प्रस्तुतीकरण किया।

टीम ने 660 से 800 मेगावाट तक की कोर प्रेस रिंग की मशीनिंग की गुणवत्ता बढ़ाने और समय सीमा को कम करने पर केंद्रित एक नये टूलिंग फिक्सचर को डिजाइन और कार्यान्वित करने से संबंधित सुधार परियोजना प्रस्तुत की। इस परियोजना से न केवल वित्तीय बचत होगी, बल्कि उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार और समय पर डिलीवरी भी सुनिश्चित होगी।

इस सफलता में महाप्रबंधक श्री नरेंद्र सिंह राणा एवं श्री अमित कुमार शर्मा तथा गुणता एवं व्यापारिक उत्कृष्टता विभाग के प्रतिनिधियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने टीम को बहुमूल्य मार्गदर्शन प्रदान किया।

error: Content is protected !!