ब्यूरो
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने मई 2026 के बहुचर्चित चंपावत पॉक्सो और कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में सामाजिक कार्यकर्ता व कांग्रेस नेता आनंद माहरा को जमानत दे दी है।न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की पीठ ने यह फैसला तब सुनाया, जब निचली अदालत में चल रहे ट्रायल के दौरान नाबालिग ने अपने पूर्व के बयानों से पलटते हुए कहा कि, आनंद माहरा की इस मामले में कोई संलिप्तता नहीं है और उसने जो शुरुआती बयान दर्ज कराए थे, वही सही हैं।
13 मई 2026 को गिरफ्तारी के बाद से न्यायिक हिरासत में बंद माहरा की निचली अदालतों (23 मई और 6 अक्टूबर) से जमानत खारिज हो चुकी थी, जिसके बाद हाईकोर्ट में दायर दूसरी याचिका पर उनके बयान कोर्ट के रिकॉर्ड में लाए जाने के बाद उन्हें राहत मिली।
उक्त विवाद 5 मई 2026 को चंपावत जिले की 16 वर्षीय किशोरी के एक शादी समारोह से लापता होने और तीन दिन बाद एक डेयरी में मिलने से शुरू हुआ था। शुरुआत में पीड़िता के पिता की शिकायत पर विनोद रावत, नवीन रावत और पूरन सिंह रावत के खिलाफ बीएनएस की धारा 70(2) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ, जबकि किशोरी के बयान में भाजपा के तत्कालीन मंडल अध्यक्ष का नाम भी सामने आया था।
हालांकि, 7 मई 2026 को चंपावत एसपी रेखा यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को मेडिकल, फॉरेंसिक, सीसीटीवी और सीडीआर के आधार पर संदिग्ध व साजिश करार दिया और कमल रावत और अर्जीता राय को कथित मास्टरमाइंड बताया। इसके बाद आरोपी पक्ष के पिता राम सिंह रावत की क्रॉस एफआईआर और 11 मई की विरोधाभासी शिकायत के बीच आनंद माहरा को साजिश को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जबकि किशोरी को पीड़ित मानकर काउंसलिंग की बात कही गई थी।
पुलिस के बार-बार बदलते बयानों, विरोधाभासी एफआईआर और दो अलग-अलग दावों ने इस पूरे प्रकरण को गहरे विवाद में धकेल दिया. विपक्ष, कांग्रेस नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए देहरादून के गांधी पार्क में प्रदर्शन किया और न्यायिक जांच की मांग की। वहीं बाल अधिकार कार्यकर्ताओं ने किशोरी से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने को जुवेनाइल जस्टिस एक्ट का उल्लंघन बताते हुए गहरी चिंता जताई।

More Stories
हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में लागू होगा मीट बिक्री पर प्रतिबंध, उपविधि प्रकाशन के लिए भेजी।
नाबालिग को पहले प्रेम जाल में फंसाया, फिर दुष्कर्म कर, कर रहा था ब्लैकमेल, गिरफ्तार।
देर रात एसएसपी ने किए निरीक्षकों एवं उप निरीक्षकों के बम्पर तबादले।