ब्यूरो
हरिद्वार। प्रदेश के टिहरी जनपद के प्रतापनगर ब्लॉक की ओण पट्टी स्थित देवल गांव निवासी केतन लाल की कथित निर्मम हत्या और उसके साथी दिवाकर पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ग्रामीण (अनुसूचित जाति विभाग) के नेतृत्व में नगर मजिस्टेट कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार को सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 8 जून 2026 को खोलगढ़ बल्ला निवासी यशवीर पंवार द्वारा केतन लाल और उसके मित्र दिवाकर को बुलाया गया, जिसके बाद दोनों युवकों के साथ कथित रूप से पूरी रात अमानवीय अत्याचार किया गया। ज्ञापन में दावा किया गया कि आरोपियों ने दोनों युवकों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, उनके हाथ-पैरों में कीलें ठोंकीं तथा नाखून उखाड़े। गंभीर रूप से घायल केतन लाल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि दिवाकर अभी भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने राष्ट्रपति के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों को फांसी की सजा दिलाई जाए। साथ ही मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल दिवाकर के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। संगठन ने दोनों परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।
प्रदर्शन में उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को झकझोरने वाली हैं और यदि दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो जनता का कानून व्यवस्था से विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने सरकार से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, महानगर अध्यक्ष मनोज जाटव, मनोज सैनी, सोम त्यागी, महेश प्रताप सिंह राणा, हिमांशु बहुगुणा, बीपीएस तेजियान, रवीश भटीजा, अरविंद चंचल, कैलाश प्रधान, शिवालिक नगर ब्लॉक अध्यक्ष मोहन राणा, सुभाष कुमार, सचेत कुमार, अमित नौटियाल, राजीव कुमार, दीपक, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद प्रियव्रत, तेलूराम प्रधान, मनोज धनगर, पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

More Stories
नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को 20 वर्ष की कठोर कैद।
वीकेंड/सोमवती अमावस्या स्नान पर्व (13, 14 एवं 15 जून 2026) पर हरिद्वार आयें तो पहले देख लें यातायात प्लान।
डीएम ने लिया SIR की प्रगति का जायजा। बीएलओ को दिए कार्य में तेजी लाने के निर्देश।