ब्यूरो
लक्सर। विजिलेंस टीम ने एक ग्रामीण की शिकायत पर हरिद्वार जिले की लक्सर तहसील में नियुक्त चकबंदी लेखपाल को 7500/- की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। विजिलेंस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने शुक्रवार शाम बताया कि जनपद हरिद्वार की लक्सर तहसील के डोसनी गांव के धर्म दास ने विजिलेंस में शिकायत करते हुए बताया की उसके पास गांव में उसकी कई बीघा जमीन है। इसी साल मानसून में आई भयंकर बाढ़ के कारण उसकी फसल बर्बाद होने के चलते मुआवजे के लिये दिये गये प्रार्थना पत्र के आधार पर एसडीएम, लक्सर तथा नायब तहसीलदार, लक्सर से 13 सितंबर को इस सम्बन्ध में आदेश किये गए। इसके बाद उस पर रिपोर्ट लगवाने को एवज में बछेड़ी खादर क्षेत्र के चकबन्दी लेखपाल वीरपाल द्वारा उससे 7,500/- (साढ़े सात हजार) रुपये रिश्वत की माँग की जा रही है। चूंकि शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस में शिकायत की। एसपी गुंज्याल ने बताया कि उक्त शिकायत पर विजिलेंस ने जब गोपनीय जाँच की तो प्रथम दृष्टया सही मिला। शिकायत सही पाए जाने पर गठित ट्रैप टीम ने आज अभियुक्त वीरपाल पुत्र आशाराम निवासी, 54, पटेलनगर, गणेशपुर, रूड़की, निकट मालवीय चौक, थाना गंगनहर, जनपद हरिद्वार को शिकायतकर्ता से 7500 / रुपये रिश्वत ग्रहण करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि उक्त भ्रष्ट अभियुक्त से पूछताछ जारी है। साथ ही, उसके आवास सहित अन्य ठिकानों की भी तलाशी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि विजिलेंस निदेशक द्वारा ट्रैप टीम को नकद पुरूस्कार की घोषणा की गयी है।

More Stories
कांग्रेसियों ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर मनाया काला दिवस।
नो-एन्ट्री में भारी वाहनो के विरूद्ध चलाया चैकिंग अभियान: 14 वाहनो के ₹7000/- व 01 वाहन का कोर्ट चालान किया।
बीएचईएल हरिद्वार में राजभाषा सम्मान समारोह का आयोजन। डिजिटल मीडिया के युग में हिंदी अधिक प्रभावशाली है: रंजन कुमार