Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

प्रेम प्रसंग, ब्लैकमेल और आपसी विवाद में की हत्या। हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

मनोज सैनी

हरिद्वार।  हरिद्वार पुलिस ने ब्लाइंड सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी नावेद पुत्र रियासत निवासी ग्राम अलीपुर, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार (उम्र 28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग, ब्लैकमेल और आपसी विवाद के कारण हत्या की गई। आरोपी पारिवारिक शादी में महिला के DJ पर डांस से काफी नाराज़ था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 जुलाई को वादी मोमिन पुत्र हमीद, निवासी ग्राम अलीपुर, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार द्वारा थाना बहादराबाद में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि उनकी पुत्री शहनुमा की हत्या गांव के ही निवासी नावेद पुत्र रियासत तथा उसके परिवार के सदस्यों द्वारा की गई है। तहरीर के आधार पर थाना बहादराबाद में मु0अ0सं0-248/2026, धारा 103(1), 351(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना के बाद मुख्य आरोपी नावेद अपने घर से फरार हो गया था। पुलिस द्वारा उसके परिजनों एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार पूछताछ की गई, किन्तु किसी ने भी आरोपी के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दी। मामला पूरी तरह ब्लाइंड था। घटनास्थल स्पष्ट नहीं था तथा मृतका का शव भी बरामद नहीं हुआ था, जिससे जांच अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गई। इसके बावजूद पुलिस टीम ने धैर्य एवं तकनीकी तथा मानवीय सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए आरोपी की तलाश लगातार जारी रखी।आरोपी की गिरफ्तारी हेतु संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।

27 जुलाई को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी नावेद अपने रिश्तेदारों के यहां ग्राम भगवानपुर चंदनपुर, मंगलौर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना पर विश्वास करते हुए विवेचक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय पुलिस सहयोगियों को आरोपी का फोटो दिखाकर पूछताछ की। एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा तालाब के समीप संदिग्ध युवक के खड़े होने की जानकारी दी गई।

पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक से नाम-पता पूछा गया। प्रारंभ में वह घबरा गया एवं कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। पहचान संबंधी दस्तावेज मांगने एवं सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नावेद पुत्र रियासत निवासी ग्राम अलीपुर, थाना बहादराबाद बताया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका मृतका शहनुमा के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच समय के साथ विवाद बढ़ने लगे। आरोपी के अनुसार एक पारिवारिक समारोह के दौरान शहनुमा ने लड़कों के साथ DJ पर डांस किया उसके द्वारा मना किया परंतु वह नहीं मानीं जिससे दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मृतका उसे विभिन्न मामलों में फंसाने की धमकी देने लगी। शहनुमा ने उसकी माँ और बहन को गंदी गालियाँ दीं। साथ ही कोर्ट में बयान देने की बात की तुने मेरी गंदी फ़ोटो ससुराल वालों को दिखा कर मेरा रिश्ता तुड़वाया है, आरोपी ने यह भी बताया कि वह स्वयं को लगातार ब्लैकमेल महसूस कर रहा था तथा इसी कारण उसने शहनुमा की हत्या करने की योजना बनाई।

योजना के अनुसार वह शहनुमा को 28 तारीख़ को कलियर लेकर गया व होटल में रुका। अगले दिन तड़के उसे अपने साथ सुनसान क्षेत्र की ओर ले जाकर उसकी हत्या कर दी तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया। इसके बाद वह अपने गांव लौट आया और सामान्य दिनचर्या अपनाने का प्रयास करता रहा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया तथा पुलिस की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन एवं आधार कार्ड बरामद कराया गया।आवश्यक विधिक कार्यवाही अमल में लायी जा रही है।

Share
error: Content is protected !!