Apne log news

No.1 news portal of Uttarakhand

“खबर की ताकत” समाचार पत्र का हुआ विमोचन: निष्पक्ष पत्रकारिता ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति: सैनी

मुकेश कुमार

हरिद्वार। जिला पंचायत सभागार में आज हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र ‘खबर की ताकत’ का विमोचन समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में जिले के वरिष्ठ पत्रकारों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अतिथियों ने समाचार पत्र का विमोचन करते हुए इसे जनसरोकारों की सशक्त आवाज बताया तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा हिंदी पत्रकारिता और समाचार पत्र देश की रीढ सिद्ध हो रहे हैं। समाचार पत्र ही सही समय पर समाज को कुरीतियों से दूर करते हुए, सही आईना दिखा सकता है। उन्होंने देश में हिंदी समाचार पत्र के प्रकाशन से अब तक के इतिहास पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल और सोशल मीडिया के युग में समाचार पत्र का प्रकाशन करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं कांग्रेसी नेता मनोज सैनी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी ने कहा कि प्रिंट मीडिया आज भी विश्वसनीय पत्रकारिता का सबसे सशक्त माध्यम है। समाचार पत्रों में प्रकाशित तथ्य समय-समय पर न्यायालयों में भी साक्ष्य के रूप में, प्रस्तुत किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है और समाज को न्याय दिलाने में मीडिया की भूमिका सदैव अग्रणी रही है।

जिला सूचना अधिकारी रति लाल शाह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब पत्रकार निष्पक्ष होकर समाज की समस्याओं को सामने लाता है, तब शासन-प्रशासन भी जवाबदेह बनता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘खबर की ताकत’ समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और कुरीतियों के विरुद्ध सशक्त अभियान चलाएगा।

जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश वालिया और महासचिव अनिल बिष्ट ने कहा कि सच्चा पत्रकार कभी भी सत्ता या प्रभाव के दबाव में नहीं झुकता। पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को सही दिशा देना और भ्रष्टाचार पर प्रहार करना है। उन्होंने कहा कि श्रीमती उपासना तेश्वर एक ऊर्जावान, जुझारू और समर्पित पत्रकार हैं, जिनकी कार्यशैली निश्चित रूप से पत्रकारिता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगी।

समाचार पत्र की संपादक उपासना तेश्वर ने अपने संबोधन में कहा कि ‘खबर की ताकत’ केवल एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज बनने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र का उद्देश्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना, आम नागरिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना तथा भ्रष्टाचार, अन्याय और शोषण के विरुद्ध निर्भीकता से कलम चलाना है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और ‘खबर की ताकत’ सत्य, निष्पक्षता एवं जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मीडिया जगत में एक नई पहचान स्थापित करेगा।

सिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष ठाकुर मनोज मनोजानंद और कांग्रेस के अनुसूचित विभाग के महानगर अध्यक्ष मनोज जाटव ने कहा कि श्रीमती उपासना तेश्वर ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, ईमानदारी और साहस के बल पर महिलाएं पत्रकारिता जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि एक गृहिणी होने के साथ-साथ उन्होंने समाज और पत्रकारिता दोनों क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाकर महिलाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध उनकी निर्भीक सोच और जनहित के प्रति समर्पण निश्चित रूप से पत्रकारिता जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सी पी सिंह और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मजबूत, स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है तथा ‘खबर की ताकत’ इस दिशा में एक सशक्त पहल साबित होगी

समारोह के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों ने ‘खबर की ताकत’ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह समाचार पत्र जनसरोकारों को प्रमुखता देगा, सामाजिक सरोकारों की आवाज बनेगा तथा निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण कार्य करेगा।
विमोचन कार्यक्रम में आर्य हरपाल सैनी, मनोज कश्यप, अशोक पांडे, नीतू सिंह, प्रशांत शर्मा, रोहित सिखौला, कमलेश प्रजापति, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, हरिनारायण, तरुण शुक्ला, विजय बंसल, कमल शर्मा, पूजा शर्मा, रश्मि, मनीष शर्मा, सोनू, नीटू अजय वर्मा, अश्वनी वर्मा, ऋतिक, अजय कांगड़ा, प्रवीण अरोड़ा, पंकज चौहान, चंद्रशेखर गोस्वामी, प्रदीप यदुवंशी, राजवीर सिंह, सुनील कुमा, हैप्पी, बबली त्यागी मुकेश, दीपक मदान सहित अनेको पत्रकार उपस्थित थे।

Share
error: Content is protected !!