मनोज सैनी
हरिद्वार। मुख्य नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार के निर्देश पर बढ़ती ठंड एवं शीत लहर को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम हरिद्वार द्वारा जरूरतमंदों को राहत पहुँचाने हेतु व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। नगर निगम की ओर से प्रतिदिन नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, यात्रीगृहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों एवं तीनों रैन बसेरों सहित लगभग 42 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं, जिससे राहगीरों, श्रमिकों तथा खुले में जीवन यापन करने वाले निराश्रित व्यक्तियों को ठंड से राहत मिल सके। ठंड की तीव्रता में वृद्धि होने की स्थिति में अलाव की संख्या बढ़ाकर 45 से 48 स्थानों तक कर दी जाती है।
इसके साथ ही नगर निगम द्वारा संचालित कुल तीन रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। तीनों रैन बसेरों में उपलब्ध बेड क्षमता के अनुसार ठहरने वाले व्यक्तियों के लिए अब तक कुल 91 कंबलों का वितरण किया जा चुका है, ताकि वहां निवास कर रहे लोगों को शीत से पर्याप्त सुरक्षा मिल सके।
इसके अतिरिक्त महापौर, नगर निगम हरिद्वार के नेतृत्व में निराश्रित, गरीब एवं बेसहारा व्यक्तियों के लिए विशेष कंबल वितरण अभियान भी चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशन तथा दश मंदिर कनखल क्षेत्र में जरूरतमंद व्यक्तियों को कुल 89 कंबल वितरित किए गए, जिससे ठंड से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान की जा सके।
नगर निगम द्वारा बताया गया है कि शीत ऋतु के दौरान अलाव जलाने, रैन बसेरों के संचालन एवं कंबल वितरण जैसे राहत कार्य निरंतर जारी रहेंगे तथा आवश्यकता के अनुसार इन व्यवस्थाओं में और विस्तार किया जाएगा। इस प्रकार नगर निगम द्वारा विभिन्न माध्यमों से अब तक कुल 180 कंबलों का वितरण किया जा चुका है। नगर निगम की इस मानवीय पहल की आमजन द्वारा सराहना की जा रही है

More Stories
दीपक बजरंगी के नफरती बयान पर पुलिस ने किया गिरफ्तार, मांगी माफी।
7 फरवरी को जनपद हरिद्वार में चलाया जाएगा मेगा स्वच्छता अभियान।
हरिद्वार पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल। प्रभारी और दरोगाओं के बदले कार्यक्षेत्र।