मनोज सैनी
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में आज शिव मूर्ति चौक से ललतारो पुल के मध्य विशेष ई-रिक्शा सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना, सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करना तथा बिना सत्यापन एवं बिना निर्धारित क्यूआर कोड स्टिकर संचालित ई-रिक्शाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।
अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), हरिद्वार नेहा झा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन)हरिद्वार, निखिल शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अभियान के दौरान परिवहन कर अधिकारी, गोवर्धनपुर, मुकेश भारती तथा परिवहन कर अधिकारी, चिड़ियापुर, मनीषा शाह भी उपस्थित रहे तथा उनके द्वारा ई-रिक्शाओं के दस्तावेजों एवं सत्यापन संबंधी अभिलेखों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान ई-रिक्शाओं के पंजीकरण प्रमाणपत्र, बीमा, फिटनेस, चालक लाइसेंस एवं विभाग द्वारा जारी क्यूआर कोड स्टिकर की सघन जांच की गई। जांच में अनियमित पाए गए कुल 25 ई-रिक्शाओं को सीज किया गया तथा संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्यवाही की गई।
अधिकारियों द्वारा ई-रिक्शा चालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों का समय से सत्यापन कराएं तथा समस्त दस्तावेज अद्यतन रखें। साथ ही यह भी बताया गया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे। परिवहन विभाग ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

More Stories
कांवड़ मेला-2026: कांवड़ मेला क्षेत्र 18 सुपर जोन, 40 जोन एवं 141 सेक्टरों में विभाजित।
कांवड़ मेला-2026: जनपद हरिद्वार के सभी सरकारी, गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित।
दुष्कर्म, मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी देने वाले 5 हजार का आरोपी गिरफ्तार।