08 सितम्बर से 15 सितम्बर 2026 तक निर्धारित कार्यक्रमानुसार निर्वाचक नामावली का प्रकाशन, दावा-आपत्ति एवं अंतिम सूची जारी की जाएगी
मनोज सैनी
हरिद्वार। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड की अधिसूचना के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट एवं रिटर्निंग अधिकारी (जिला योजना समिति) हरिद्वार मयूर दीक्षित द्वारा जनपद हरिद्वार की जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन हेतु नगर निकायों के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों की मतदाता सूची तैयार करने के लिए समय-सारिणी जारी की गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर निगम हरिद्वार, नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर, नगर निगम रुड़की, नगर पंचायत पाडली गुज्जर, रामपुर, बेहड़ेकी सैदाबाद, नगर पालिका परिषद मंगलौर, नगर पंचायत झबरेड़ा, नगर पालिका परिषद लक्सर, नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर, लण्ढौरा, पिरान कलियर, भगवानपुर एवं इमलीखेड़ा के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों की निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 08 सितम्बर 2026 को निर्वाचक नामावली के आलेख्य का प्रकाशन किया जाएगा। 10 सितम्बर 2026 तक संबंधित निर्वाचित प्रतिनिधि नामावली का निरीक्षण कर दावा एवं आपत्तियाँ प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 12 सितम्बर 2026 को किया जाएगा तथा 15 सितम्बर 2026 को अंतिम रूप से तैयार निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित ने बताया कि दावा एवं आपत्ति दाखिल करने तथा उनके निस्तारण की समस्त कार्यवाही जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, हरिद्वार में संपन्न होगी। उन्होंने संबंधित नगर निकायों, तहसीलों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त कार्यक्रम को अपने-अपने कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर प्रमुखता से चस्पा कर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, जिससे सभी संबंधित निर्वाचित प्रतिनिधियों को समय पर जानकारी प्राप्त हो सके।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों से निर्धारित समयावधि में निर्वाचक नामावली का अवलोकन कर आवश्यकतानुसार दावा एवं आपत्तियाँ प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि अंतिम मतदाता सूची त्रुटिरहित एवं पारदर्शी रूप से तैयार की जा सके।

More Stories
शादी का झांसा देकर युवती से बनाए शारीरिक संबंध, युवती हुई गर्भवती। शादी से किया इंकार, युवती ने दर्ज कराया मुकदमा
कांग्रेस ओबीसी विभाग की पहली प्रदेश स्तरीय बैठक सम्पन्न: ओबीसी समाज की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी: कंवरदीप सैनी
खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न टीमों ने व्यापक स्तर पर चलाया निरीक्षण अभियान। कैडबरी डेयरी मिल्क चॉकलेट सहित दूध, पनीर व मावा के कुल 10 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिए।